चौमहला सीएचसी में रक्तदान शिविर, 131 यूनिट रक्त संग्रहित

पुलिस जवानों सहित सरपंच, वार्ड पंच एवं आमजन ने उत्साह से किया रक्तदान, पुलिस अधीक्षक ने की पहल की सराहना
चौमहला।स्मार्ट हलचल|सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौमहला में बुधवार को जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस विभाग के जवानों सहित पंचायत के सरपंच, वार्ड पंच एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा के लिए रक्तदान किया। शिविर में कुल 131 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
झालावाड़ ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए पुलिस विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रक्तदान की पहल की। पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया के निर्देश पर विभिन्न पुलिस थानों से पुलिसकर्मी चौमहला सीएचसी पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया एवं थाना प्रभारी किशोर सिंह ने युवाओं और आमजन से मानवता के इस पुनीत कार्य में आगे आकर अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में रक्त की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार बाघेला ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कुल 131 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान सरपंच बगदी राम गायरी, उपसरपंच राहुल तिवारी, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार बाघेला, पुलिस जवान, वार्ड पंच सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।