लखारी घाटी में गूंजे ठाकुर जी के जयकारे, भव्य अन्नकूट महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: राजस्थान-मध्यप्रदेश से जुटे लखारा समाज ने लिया नवीन मंदिर निर्माण व भूखंड खरीदने का संकल्प

ओछड़ी दरवाजा स्थित श्री लालजी महाराज मंदिर में लगा छप्पन भोग; सुखवाल नोहरे में हुई अंतर्राज्यीय बैठक, मालपुए व पकवानों की महाप्रसादी में एक पंगत में बैठे सैकड़ों समाजजन

चित्तौड़गढ़ (स्मार्ट हलचल)शहर के ओछड़ी दरवाजा, किला रोड स्थित लखारी घाटी पर विराजित ठाकुर जी श्री लालजी महाराज मंदिर में बुधवार को भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। आदर्श लखारा समाज सेवा संस्थान एवं आदर्श लखारा नवयुवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और समूचा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।

ठाकुर जी को लगा आकर्षक छप्पन भोग, मनमोहक शृंगार ने मोहा मन

महोत्सव के दौरान सुबह 10 बजे ठाकुर जी श्री लालजी महाराज को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आकर्षक छप्पन भोग लगाया गया। ठाकुर जी के दिव्य और मनमोहक शृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। आरती के पश्चात मंदिर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

दो राज्यों का समाज एक मंच पर: नवीन मंदिर निर्माण व भूखंड पर हुई ऐतिहासिक बैठक

पास ही स्थित सुखवाल नोहरे में राजस्थान और मध्यप्रदेश से पधारे लखारा समाज के लोगों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश से पधारे भामाशाह अशोक लखारा बागड़ी ने की, जबकि मुख्य अतिथि रतनलाल लखारा कानोड़ तथा विशिष्ट अतिथि महेश लखारा, बलवंत, दुर्गेश, ईश्वर, श्यामलाल व भंवरलाल सहित अन्य समाजसेवी रहे। बैठक में ठाकुर जी के भव्य नवीन मंदिर निर्माण की रूपरेखा तैयार करने तथा समाज के कार्यक्रमों हेतु स्थायी भूखंड खरीदने पर गंभीर चर्चा कर एकता व विकास का संकल्प लिया गया।

सामूहिक पंगत में ग्रहण की प्रसादी, सैकड़ों समाजबंधु रहे उपस्थित

बैठक के बाद समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने सामूहिक पंगत में बैठकर मालपुए, दाल, सब्जी, पूड़ी व पकौड़ी की महाप्रसादी ग्रहण की। व्यवस्थाओं में संस्थान एवं नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष गोपाल लाल लखारा, मदनलाल लखारा, राधेश्याम लखारा, दुर्गेश कुमार लक्षकार, श्यामलाल लखारा, भंवरलाल लखारा, देवीलाल लखारा, बद्रीलाल लखारा, सत्यनारायण लखारा, सुधीर लखारा, विकास लखारा, धीरज लखारा, दिलीप लखारा सहित महिलाएं, बच्चे व सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।