कानपुर। स्मार्ट हलचल|भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत क्षेत्रीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र आर आर टी सी उत्तर प्रदेश के रूप में कार्यरत शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान द्वारा यहां रनिया वृद्धाश्रम में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में एलिम्को की टीम ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम में कार्यरत कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की दैनिक देखभाल, उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों, सहायक उपकरणों की उपयोगिता और वृद्धजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी श्री नीरज गौतम, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी, कानपुर देहात ने रनिया वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया।
शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के संस्थापक एवं सचिव राजेंद्र सिंह जी ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एलिम्को की टीम की सहभागिता से सहायक उपकरणों के संबंध में जानकारी और वितरण की प्रक्रिया संपन्न हुई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वृद्धजनों की बेहतर देखभाल के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी, उचित स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सहायक उपकरण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।