संस्कृत के ज्ञान के बिना आयुर्वेद के मूल ग्रंथों का अध्ययन अधूरा — अमिता पृथ्वी

राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में संस्कृत एवं आयुर्वेद के समन्वय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम, देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे विशेषज्ञ

कोटा।स्मार्ट हलचल|आयुर्वेद भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत है और इसके मूल सिद्धांतों को समझने के लिए संस्कृत भाषा का ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्कृत के माध्यम से ही आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों में निहित चिकित्सा सिद्धांतों, औषधीय ज्ञान और उपचार पद्धतियों का सही अर्थ समझा जा सकता है। संस्कृत और आयुर्वेद का आपसी संबंध भारतीय चिकित्सा परंपरा को गहराई से समझने का आधार है। यह विचार राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय में संस्कृत भारती के तत्वावधान में आयोजित संस्कृत एवं आयुर्वेद विषयक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में वक्ताओं ने व्यक्त किए।
धन्वंतरि सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने की। तमिलनाडु से पधारी अमिता पृथ्वी मुख्य अतिथि तथा मणिपुर से आए कमल शर्मा और अजमेर से आए महेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने संस्कृत एवं आयुर्वेद के पारस्परिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद के मूल ग्रंथ संस्कृत भाषा में रचित हैं। ऐसे में आयुर्वेद के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत का ज्ञान केवल भाषाई दक्षता तक सीमित नहीं, बल्कि विषय की मूल अवधारणाओं और चिकित्सा सिद्धांतों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संस्कृत भाषा को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से आयुर्वेद के अध्ययन और शिक्षण में शामिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने संस्कृत और आयुर्वेद के समन्वय को चिकित्सा शिक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल स्रोतों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. ऋतु ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में विषय विशेषज्ञों ने आयुर्वेद के विभिन्न आयामों पर व्याख्यान दिए। डॉ. इकबाल ने अगद तंत्र एवं व्यवहार आयुर्वेद के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुरभि पंकज ने रोग विकृति विज्ञान से संबंधित विषयों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों का ध्यान इस विषय की व्यावहारिक उपयोगिता की ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य, नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर तथा उपर्णा एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया। समारोह में आशुतोष, संस्कृति जैन, देवेंद्र शर्मा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यनारायण गौतम ने किया तथा आभार डॉ. ब्रजराज मालव ने व्यक्त किया। आयोजन में आरोग्य भारती का विशेष सहयोग रहा।