लाडपुरा में परंपरागत शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुख-समृद्धि की कामना

शिव जांगिड़

लाडपुरा गांव में देव उठनी एकादशी पर निकले घास भैरूजी

लाडपुरा|स्मार्ट हलचल|कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी, जिसे देव उठनी एकादशी कहा जाता है, के अवसर पर शुक्रवार शाम को लाडपुरा गांव में परंपरागत घास भैरूजी की शोभायात्रा बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शाम लगभग 6 बजे मुख्य बाजार स्थित बालाजी मंदिर से घास और फूलों से सजी भैरूजी की प्रतिमा की शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों – मुख्य बस स्टैंड, बाजार होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। आगे-आगे ढोल-नगाड़ों की थाप, पीछे भजन-कीर्तन गाते श्रद्धालु चल रहे थे। महिलाएं मंगल गीत गाती हुई चलीं। पूरे गांव में घरों के बाहर दीपों से सजाया गया। यह परंपरा वर्षों पुरानी है, जिसमें घास से सजी भैरूजी की प्रतिमा को गांव भर में घुमाकर पुनः मंदिर लाया जाता है। मान्यता है कि इससे गांव में सुख-समृद्धि आती है और बुरी बला टलती है। शोभायात्रा में ग्रामीणों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया। अंत में पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान गांव के गणमान्य नागरिक, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।