बाइक की टक्कर से भट्ठा संचालक की मौत, तीन युवक घायल

दरियामऊ के पास पीछे से बाइक ने मारी टक्कर, प्रयागराज के अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

खखरेरू/फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के दरियामऊ गांव के पास गुरुवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में ईंट भट्ठा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें प्रयागराज के जागृति अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरगौला गांव निवासी अतर सिंह (62) पुत्र भोरेलाल ईंट भट्ठा संचालक थे। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह अपने भट्ठे से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान किशनपुर कस्बे के रहने वाले राजेंद्र (17), पप्पू (18) पुत्र जयचंद्र और सचिन (17) पुत्र अवधेश एक ही बाइक पर सवार होकर खखरेरू थाना क्षेत्र के गेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि दरियामऊ के पास स्थित ईंट भट्ठे के नजदीक दूसरी बाइक ने अतर सिंह की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी खखरेरू पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मंझनपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें प्रयागराज के जागृति अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अतर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया था। बाद में रास्ते में ही उनकी मौत होने की सूचना मिली। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।