मुकेश खटीक
मंगरोप।भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हमीरगढ़ थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 किलो 850 ग्राम डोडाचूरा पाउडर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इस दौरान परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक को भी जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2025 को डीएसटी टीम के कांस्टेबल रमेश कुमार को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-48 पर तख्तपुरा के पास होटल सांई के निकट नाकाबंदी की।इस दौरान चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा की ओर आ रहे एक अशोक लीलैंड 1612 ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन की छत पर बने बॉक्स को खोलकर जांच की गई,जिसमें दो काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ डोडाचूरा पाउडर मिला।पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर लिया और बिना वैध लाइसेंस/परमिट परिवहन करने के आरोप में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हिम्मत सिंह (29) निवासी जिला सोलन(हिमाचल प्रदेश)तथा अनिल कुमार (20) निवासी जिला बिलासपुर(हिमाचल प्रदेश) शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गठित टीम में थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा,कांस्टेबल रमेश कुमार(डीएसटी),सहायक उपनिरीक्षक हनुमान प्रसाद,कांस्टेबल बलवीर,प्रेमाराम,राहुल एवं बलवीर सहित पुलिस जाप्ता शामिल रहा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
