उदयपुर जिला परिषद चुनाव में कांटे की टक्कर के बाद खिला कमल: 47 में से 24 सीटें जीतकर भाजपा ने हासिल किया स्पष्ट बहुमत, कांग्रेस को मिलीं 22 सीटें

एक सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने दर्ज की जीत; कृषि महाविद्यालय व फतह स्कूल में शांतिपूर्ण संपन्न हुई मतगणना, कलक्टर गौरव अग्रवाल व एसपी डॉ. अमृता दुहन की निगरानी में रहे पुख्ता सुरक्षा इंतजाम

उदयपुर (स्मार्ट हलचल)पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले में जिला परिषद के 47 तथा जिले की सभी 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों के लिए मतों की गिनती की गई। मतगणना के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए।

जिला परिषद की 47 सीटों में भाजपा को 24, कांग्रेस को 22 व बीएपी को 1 सीट

जिला परिषद की कुल 47 सीटों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में 22 सीटें आईं। वहीं भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के प्रत्याशी ने एक सीट पर जीत हासिल की। इस तरह कांटे के मुकाबले के बाद जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने बढ़त बनाते हुए स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है।

🛑 उदयपुर पंचायती राज चुनाव : मुख्य बिंदु

  • जिला परिषद (47 सीटें): भाजपा 24 (स्पष्ट बहुमत) | कांग्रेस 22 | भारत आदिवासी पार्टी 01।
  • पंचायत समितियां: जिले की सभी 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों में हुई मतगणना।
  • प्रशासनिक निगरानी: जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल व एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में व्यवस्थाएं रहीं सुचारू।
  • दो मतगणना केंद्र: राजस्थान कृषि महाविद्यालय (5 समितियां) व राजकीय फतह उमावि (15 समितियां एवं डाक मतपत्र)।

दो केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई मतगणना, फतह स्कूल में गिने गए डाक मतपत्र

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में दोनों मतगणना केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त रहे। राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में पांच पंचायत समितियों—झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर एवं गिर्वा के मतों की गणना की गई। वहीं पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेष 15 पंचायत समितियों—ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली, घासा, सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुन्दा, बड़गांव, देवला, नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा एवं ऋषभदेव की मतगणना संपन्न हुई। फतह विद्यालय के प्राचार्य कक्ष एवं एक अतिरिक्त कक्ष में जिला परिषद चुनाव के डाक मतपत्रों की गणना की गई।