500 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर निकाली भव्य शोभायात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 82 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, भामाशाहों का हुआ सम्मान
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।सामाजिक एकता, समरसता और सादगीपूर्ण विवाह परंपरा की मिसाल पेश करते हुए श्री शिव मंडल खटीक समाज सेवा संस्थान की ओर से आयोजित 13वां सामूहिक विवाह सम्मेलन गुरुवार को धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में 82 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन के बंधन में बंधे। इस ऐतिहासिक आयोजन में राजस्थान सहित गुजरात और मध्यप्रदेश से आए करीब 20 हजार समाजजनों ने भाग लिया। आयोजन ने सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता की अनूठी तस्वीर पेश की।
सम्मेलन की शुरुआत सुबह भव्य शोभायात्रा और बिंदोली के साथ हुई। शोभायात्रा में करीब 500 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। शोभायात्रा शिव मंदिर दादाबाड़ी से रवाना होकर धान मंडी, कसारा मोहल्ला और सांगानेरी गेट होते हुए बख्ताबाबा रोड स्थित खटीक समाज छात्रावास पहुंची। रास्तेभर समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और उत्सवी माहौल के बीच निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही।
इसके बाद विवाह स्थल पर पंडित राजेंद्र नगर व्यास के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं। एक ही परिसर में 82 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। इसके बाद समाजजनों का सामूहिक मेल-मिलाप और भोज हुआ। आयोजन में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि धौलपुर के पूर्व सांसद मनोज राजोरिया, विशिष्ट अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित पीएमओ डॉ. अरुण गौड़, डॉ. दुष्यंत शर्मा, डॉ. रेखा शर्मा, बाबूलाल तोसावड़ा और कन्यालाल गोल्डमैन सहित समाज के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संस्थान अध्यक्ष बंशीलाल पटेल ने बताया कि संस्थान अब तक 12 सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कर 1069 जोड़ों का विवाह करा चुका है। इस बार 82 जोड़ों के विवाह के साथ यह संख्या बढ़कर 1151 हो गई है। प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को संस्थान की ओर से 35 हजार रुपए के उपहार भेंट किए गए।
पूरे आयोजन में समाजजनों का उत्साह, अनुशासन और आपसी सहयोग देखने को मिला। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। बाहर से आए अतिथियों और समाजजनों ने आयोजन की भव्यता, व्यवस्थाओं और सामाजिक एकजुटता की जमकर सराहना की। सामूहिक विवाह सम्मेलन ने फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के साथ समाज में भाईचारे और एकता का मजबूत संदेश दिया।