सत्ता के सिंहासन पर महिला शक्ति: जहाजपुर में सीता देवी गुर्जर की वापसी, खजूरी में कांग्रेस का नया अध्याय; जनता के फैसले ने बदली सियासत की तस्वीर
कहीं तीन साल बाद पुराने नेतृत्व की वापसी तो कहीं नए राजनीतिक समीकरण का उदय, दोनों पंचायत समितियों में महिला प्रधान के हाथों होगी कमान; खजूरी में कानून-व्यवस्था व कथित राजनीतिक संरक्षण के मुद्दे भी रहे चुनावी चर्चा के केंद्र में
जहाजपुर/खजूरी (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)
पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने जहाजपुर क्षेत्र की राजनीति में नई तस्वीर पेश कर दी है। जहाजपुर और खजूरी दोनों पंचायत समितियों में अब महिलाओं के हाथों नेतृत्व की कमान होगी। एक ओर जहाजपुर में सीता देवी गुर्जर की दोबारा वापसी हुई है, तो दूसरी ओर खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। इन नतीजों ने महिला नेतृत्व के साथ क्षेत्र की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत की है।
तीन साल बाद सीता देवी गुर्जर की वापसी, पुराने फैसले को जनता ने फिर परखा
जहाजपुर पंचायत समिति की राजनीति में सीता देवी गुर्जर की वापसी विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। सीता देवी पहले भी जनता के वोटों से प्रधान निर्वाचित हुई थीं, लेकिन करीब तीन साल बाद सत्ता परिवर्तन के दौरान उन्हें पद से हटाकर भाजपा का प्रधान बनाया गया था। अब चुनाव में जनता ने एक बार फिर सीता देवी को नेतृत्व का अवसर दिया है। उनकी वापसी को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
खजूरी में बदली राजनीति, कानून-व्यवस्था और संरक्षण के आरोपों पर रही चर्चा
खजूरी पंचायत समिति का चुनाव भी कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। यहां पिछले कुछ समय से कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यशैली और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। 24 अगस्त की घटना से लेकर 9 नवंबर को पेट्रोल पंप पर हुए हमले तक क्षेत्र में सामने आए घटनाक्रमों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। पेट्रोल पंप प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई में देरी को लेकर भी नाराजगी सामने आई।
क्षेत्र में कुछ नेताओं पर अपराधियों को कथित संरक्षण देने और थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप करने के आरोप लगते रहे। वहीं पीड़ित पक्षों की ओर से समय पर न्याय नहीं मिलने की शिकायतें भी उठती रहीं। इन मुद्दों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस जारी रही। अब खजूरी में कांग्रेस की जीत के बाद राजनीतिक परिस्थितियां बदल गई हैं। धीरज गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस को मिली सफलता के बाद यहां महिला प्रधान के नेतृत्व में पंचायत समिति का संचालन होगा।
महिला नेतृत्व के सामने विकास और विश्वास की चुनौती
दोनों पंचायत समितियों में महिला नेतृत्व की शुरुआत के साथ ग्रामीणों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, सफाई, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना नई पंचायत समितियों की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। खजूरी क्षेत्र में विशेष रूप से कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करे, किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिले और आमजन को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़े। जहाजपुर में सीता देवी गुर्जर की वापसी और खजूरी में कांग्रेस की जीत ने क्षेत्र की राजनीति को नया मोड़ दिया है, और अब जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पंचायतों में बदलाव का असर गांवों की जमीन पर कितना दिखाई देता है।