रविवार, 22 नवंबर को जिलेभर में चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान
3.50 लाख से अधिक बच्चों को 1,559 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
अभिभावक निभाएं अपनी जिम्मेदारी, हर बच्चे को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पिलाएं पोलियो की खुराक- सीएमएचओ डॉ. गोस्वामी
भीलवाड़ा, 21 नवम्बर। स्मार्ट हलचल।जिला कलेक्टर श्री जसमीत संधू के निर्देशन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 22 नवंबर, रविवार को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से शनिवार को महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर से रवाना कर शहर में जागरूकता रैली निकाली गई।रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतेन्द्र पुरी गोस्वामी एवं राजकीय महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने नारों के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दो बूंद जिंदगी की पिलाने का संदेश दिया। रैली जिला चिकित्सालय से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान डॉ. अमूल पारीक, डॉ. संदीप उपाध्याय, शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. इन्दिरा सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी आशीष पंचोली, नर्सिंग काॅलेज से रविन्द्र कुमार टेलर सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 3 लाख 50 हजार 708 लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 1,559 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान 22 नवंबर को जिलेभर में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान बूथ दिवस पर दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को दूसरे एवं तीसरे दिन चिकित्सा विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करेंगी।
अभियान के दौरान हाई रिस्क क्षेत्रों, ईंट भट्टों एवं अन्य ऐसे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां लक्षित बच्चों तक पहुंचने में कठिनाई हो सकती है। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहे।
सीएमएचओ डाॅ. गोस्वामी ने अभिभावकों से अपील की कि वे रविवार को अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर जीवनरक्षक दवा की दो बूंदें पिलवाएं।
जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसमें ऑटो माइकिंग, होर्डिंग्स, फ्लैक्स एवं जागरूकता रैलियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। अभियान में आंगनबाड़ी, शिक्षा विभाग, स्थानीय निकायों एवं स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
—-000—