10 वर्षों से विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर भाईचारे को बढ़ावा दे रही नई दिशा सोसायटी, उद्घाटन मुकाबले में बैंकर्स इलेवन ने भारत विकास परिषद को 77 रनों से हराया
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल।शहर में सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई दिशा सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-10 का रविवार सुबह 8 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजकीय सामान्य चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज जैन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन बदन सिंह गुर्जर उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर तथा बल्ले से गेंद खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज जैन ने नई दिशा सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से लगातार सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करना अपने आप में सराहनीय उपलब्धि है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों को एक मंच पर आने, आपसी मेलजोल बढ़ाने तथा भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से जहां शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, वहीं मानसिक विकास, अनुशासन और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
नई दिशा सोसायटी के चेयरमैन एवं पूर्व सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि सोसायटी पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। रक्तदान शिविर, पौधारोपण, फिटनेस चैलेंज सहित अनेक सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
उद्घाटन मुकाबले में बैंकर्स इलेवन की शानदार जीत
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला बैंकर्स इलेवन एवं भारत विकास परिषद के बीच खेला गया। इसमें बैंकर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत विकास परिषद को 77 रनों से पराजित किया और प्रतियोगिता में जीत के साथ अपना खाता खोला।
दूसरा मुकाबला मेडिको स्पोर्ट्स एवं नगर परिषद की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मेडिको स्पोर्ट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद की टीम को 11 रनों से शिकस्त दी। इस मुकाबले में टॉस की प्रक्रिया डॉ. पुष्पेंद्र जी द्वारा संपन्न करवाई गई। दिन का तीसरा मुकाबला रॉयल एडवोकेट एवं प्रशासन एकादश के बीच खेला गया। इस मैच में टॉस की प्रक्रिया सुरेश जी गुप्ता द्वारा संपन्न करवाई गई। टॉस जीतकर रॉयल एडवोकेट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आठ टीमें लेंगी प्रतियोगिता में हिस्सा, 3 जनवरी को होगा फाइनल
नई दिशा सोसाइटी के सचिन आनंद पैंगोरिया ने बताया कि सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता के दसवें सीजन में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को तीन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे तथा प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 3 जनवरी 2027 को खेला जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव, सहयोग, सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना है।