नरेन्द्र मेहरा
दूनी।स्मार्ट हलचल।नगर पालिका एवं तहसील मुख्यालय होने के बावजूद पर्याप्त राजस्थान रोडवेज बस सेवा से वंचित दूनी क्षेत्र में अब जनप्रतिनिधियों ने सीधी बसें चलाने की मांग तेज कर दी है। वर्तमान में 24 घंटे में केवल एक ही रोडवेज बस संचालित होने के कारण आसपास की 20 से 25 ग्राम पंचायतों के करीब 150 से 200 गांवों के हजारों ग्रामीणों और यात्रियों को भारी आवागमन संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका मंडल दूनी के नवनिर्वाचित पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख शहरों से दूनी को सीधे जोड़ने की मांग की है। पार्षदों ने प्रशासन और रोडवेज विभाग से मांग की है कि तहसील मुख्यालय दूनी से होकर दो प्रमुख रूटों पर तत्काल राजस्थान रोडवेज की बसें संचालित की जाएं:
1. कोटा से जयपुर रूट: एक बस कोटा से शुरू होकर बूंदी, हिण्डोली, बूंदी का गोठड़ा, आवां और दूनी होते हुए टोंक-जयपुर तक चलाई जाए।
2. सवाई माधोपुर से अजमेर रूट: दूसरी बस सवाई माधोपुर से उनियारा, नगरफोर्ट, घाड़, दूनी और देवली होते हुए अजमेर तक संचालित हो।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इन दोनों मार्गों पर रोडवेज बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को लंबी दूरी तय करने के लिए बार-बार बसें बदलने की मजबूरी से निजात मिलेगी।
इन्होंने उठाई मांग:
सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग करने वालों में नगर पालिका मंडल दूनी के नवनिर्वाचित पार्षद पूरणवीर सिंह रोझ, श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा, अर्चना बडगूजर, नरेन्द्र जांगिड़ एडवोकेट, कृष्णा बनवारी बडगुजर, रामकल्याण सोनी, मनभर देवी वर्मा, इन्द्रराज सैनी, पप्पू कर्मावत सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
अधूरी मांगें और बंद पड़ी पुरानी बस सेवाएं:
गौरतलब है कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान विधायक राजेंद्र गुर्जर के समर्थन में आयोजित जनसभा व जनसंपर्क कार्यक्रम में आए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को भी ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर दूनी से उनियारा, सवाई माधोपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और बूंदी सहित प्रमुख शहरों के लिए सीधी बसें चलाने की मांग की थी। लेकिन एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह मांग आज भी अधूरी है।
इसके अलावा, पूर्व में देवली से नगरफोर्ट, टोंक से भानोली तथा बूंदी से बूंदी का गोठड़ा और आवां होते हुए अजमेर तक रोडवेज बसें संचालित होती थीं, जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों और नवनिर्वाचित पार्षदों ने सरकार व रोडवेज प्रशासन से जल्द से जल्द इन प्रमुख रूटों पर बसें शुरू कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने की मांग की है।