जोजवा गांव में गाय पर कुल्हाड़ी से हमला, शरीर में फंसी मिली कुल्हाड़ी; घटना से ग्रामीणों में आक्रोश

( नरेश नाथ होड़ा)

मांडलगढ़।स्मार्ट हलचल।मांडलगढ़ क्षेत्र के जोजवा गांव में एक बेजुबान गाय पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल्हाड़ी गाय के शरीर में ही फंस गई। घटना के बाद गांव में दुख और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, गाय पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। चिकित्सक ने गाय का उपचार कर उसके घाव पर टांके लगाए।

बार-बार ऐसी घटनाएं होना गांव के लिए शर्मनाक

सबसे चिंताजनक बात यह है कि जोजवा गांव में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। हर एक-दो महीने में बेजुबान पशुओं के साथ क्रूरता की घटना सामने आने के बावजूद अब तक ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस सामूहिक कदम नजर नहीं आया है।