शाहपुरा-शाहपुरा नगर कांग्रेस कमेटी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किया गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदरणीय गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा जारी आदेश पर रमेश सेन को शाहपुरा नगर कांग्रेस कमेटी का नया नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति शाहपुरा-बनेड़ा कांग्रेस विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर की अनुशंसा पर की गई है, जिसे संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
नव नियुक्त नगर अध्यक्ष रमेश सेन ने अपनी नियुक्ति पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) रामलाल जाट सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा शाहपुरा नगर में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
रमेश सेन का राजनीतिक जीवन काफी सक्रिय और अनुभवपूर्ण रहा है। वे पूर्व में शाहपुरा महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं तथा शाहपुरा नगर पालिका में लगातार पांच बार पार्षद निर्वाचित होकर जनता की सेवा कर चुके हैं। उनके अनुभव और जनसंपर्क को देखते हुए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
नियुक्ति की घोषणा के बाद शाहपुरा नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। त्रिमूर्ति चौराहा पर देर रात तक कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी कर जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने नए नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती देने का संकल्प लिया।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि रमेश सेन के नेतृत्व में शाहपुरा नगर कांग्रेस को नई दिशा और मजबूती मिलेगी, जिससे आगामी समय में संगठन और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।
