नहरों की मरम्मत में लापरवाही पर भारतीय किसान संघ नाराज, पानी छोड़ने से पहले निरीक्षण की मांग,

दाईं मुख्य नहर की मरम्मत नहीं होने पर जताई चिंता, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग

शिवराज बारवाल मीना

टोंक । स्मार्ट हलचल।भारतीय किसान संघ टोंक की उनियारा एवं नगरफोर्ट तहसील की संयुक्त बैठक रविवार को ग्राम रानीपुरा में प्रभु लाल मीणा के आवास पर जिलाध्यक्ष रमेश चंद जाट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नहरों की मरम्मत एवं सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के संबंध में जिला कलेक्टर को 5 सितंबर 2026 को दिए गए ज्ञापन की समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने दाईं मुख्य नहर की मरम्मत अब तक नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग द्वारा नहरों की मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। नहरों की समुचित मरम्मत नहीं होने से पानी की बर्बादी बढ़ने के साथ ही किसानों का सिंचाई क्षेत्र भी प्रभावित होने की आशंका है।
भारतीय किसान संघ ने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी तहसीलों के उपखंड अधिकारियों के माध्यम से नहरों का तत्काल निरीक्षण करवाया जाए। साथ ही मरम्मत कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि नहरों में पानी छोड़ने से पहले उनकी स्थिति दुरुस्त हो सके और किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सके।
जिला मंत्री विनय सिंह ताखर ने बताया कि भारतीय किसान संघ द्वारा पूर्व में बीसलपुर नहर की सफाई, मरम्मत एवं पानी छोड़ने के संबंध में प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए नहरों में पानी छोड़ने की स्वीकृति प्रदान करने पर उन्होंने टोंक जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बैठक में जिलाध्यक्ष रमेश चंद जाट, जिला महामंत्री विनय सिंह ताखर, जिला उपाध्यक्ष प्रभु लाल मीणा एवं देवकरण चौधरी, प्रांत प्रतिनिधि रामस्वरूप धाकड़, बीज प्रमुख सूरज करण फगोड़िया, तहसील मंत्री लक्ष्मीनारायण बराला, राधाकिशन धाकड़, रामफूल गुर्जर, रामदयाल बराला, टीकाराम मीणा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।