रोशनी से जगमगाएगा गुरुद्वारा, गूंजेगी गुरबाणी; 24 को मनेगा गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व

(महेन्द्र नागौरी)

हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, दिनभर सजेगा कीर्तन दीवान और अटूट लंगर की होगी सेवा

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव महाराज का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। गुरुद्वारा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा और गुरबाणी कीर्तन से संगत निहाल होगी।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता के साथ संगत ने सेवा कार्यों में उत्साह से भाग लिया। महिलाओं और बच्चों ने भी सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खालसा सेवा संस्थान की ओर से गुरु गोबिंद सिंह चौराहे पर सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की गई। बच्चों की गुरमत प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।
गुरुद्वारा अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि दिल्ली से भाई बलहार सिंह जी एवं साथी विशेष रूप से पहुंचेंगे और गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। प्रकाश पर्व पर सुबह 5.30 बजे कीर्तन दीवान, 8.30 बजे अखंड पाठ साहिब की समाप्ति और अरदास होगी। सुबह 10 बजे दूसरे दीवान में ज्ञानी करनैल सिंह, सुखबीर सिंह सहित रागी जत्थे कीर्तन करेंगे। दोपहर 1.30 बजे अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर बरतेगा। शाम 7.30 से रात 9.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजेगा।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सर्वसमाज के लिए गुरु के लंगर की व्यवस्था रहेगी। कमेटी ने सभी धर्मावलंबियों से प्रकाश पर्व में शामिल होने और घरों में दीपमालिका व रोशनी कर खुशियां मनाने की अपील की है।