भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।खेल के मैदान में भीलवाड़ा ने पूरे राजस्थान को पीछे छोड़ दिया है। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘खेलो राजस्थान खेल’ अभियान में जिले ने रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए 79,338 खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि राजस्थान के कुल 2,39,390 पंजीकृत खिलाड़ियों में अकेले भीलवाड़ा की हिस्सेदारी 33.34 प्रतिशत है। भीलवाड़ा ने दूसरे स्थान पर चल रहे डीडवाना-कुचामन (24,415) को तीन गुना से भी अधिक अंतर से पछाड़ दिया है। नागौर 9,580 रजिस्ट्रेशन के साथ तीसरे स्थान पर है।
जिले में 43,965 पुरुष और 35,379 महिलाओं ने पंजीयन कराया है, जबकि अब तक 861 टीमों का गठन हो चुका है। ग्रामीण खिलाड़ियों का जोश शहरी क्षेत्र पर भारी पड़ा है। 16 ब्लॉकों में बिजौलिया 17,661 रजिस्ट्रेशन के साथ अव्वल, मांडलगढ़ 11,186 के साथ दूसरे और कोटड़ी 9,573 के साथ तीसरे स्थान पर है।
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजन समितियां गठित की जा चुकी हैं। जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत के अनुसार प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 15 दिसंबर 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित है।
पहले चरण में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी, शूटिंग बॉल और तीरंदाजी को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो, शूटिंग, मलखंब और टेनिस बॉल क्रिकेट तथा तीसरे चरण में खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल, सतोलिया और हॉकी की प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं।
जनाधार कार्ड से सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी पंजीयन कर प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। भीलवाड़ा के इस रिकॉर्ड ने साबित कर दिया है कि जिले में खेल प्रतिभाओं और खेल के प्रति जुनून की कोई कमी नहीं है।