79वें स्थापना दिवस पर जसमीत कौर सलूजा ने कैडेट्स को दी बधाई, युवाओं से अनुशासन और देशसेवा को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति, ब्यावर की जिला प्रभारी जसमीत कौर सलूजा ने देशभर के एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों एवं युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह केवल प्रशिक्षण देने वाला संगठन नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्रसेवक तैयार करने वाली पाठशाला है।
सलूजा ने कहा कि एनसीसी के कैडेट्स एकता और अनुशासन की मिसाल हैं। संगठन युवाओं में आत्मविश्वास, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करता है। एनसीसी से जुड़कर युवा शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं और चुनौतियों का सामना करने का साहस सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र की प्रगति में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं में देशप्रेम, संस्कार और सेवा का भाव मजबूत होगा, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। एनसीसी इन मूल्यों को आत्मसात करवाकर युवाओं को समाज और देश के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
अंत में उन्होंने सभी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए युवाओं से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना प्रत्येक युवा के हृदय में सदैव जीवित रहनी चाहिए।