ग्राम पंचायत नगरी में नवनिर्वाचित सरपंच व वार्ड पंचों ने किया पदभार ग्रहण, ग्रामीणों ने किया स्वागत-अभिनंदन
चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत नगरी में रविवार को दोपहर 12:15 बजे नवनिर्वाचित सरपंच एवं ग्राम पंचायत सदस्यों का पदभार ग्रहण समारोह हर्षोल्लास एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित हुआ। समारोह में ग्राम पंचायत नगरी के अंतर्गत आने वाले गांव नगरी, गुर्जर खेडा,धोरडिया,गुसाई खेडा,रामपुरीया,पिपलीपाल,एवं बिलियां के बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह की शुरुआत सांवरिया जी सेठ की तस्वीर पर माल्यार्पण, हवन-यज्ञ एवं विधिवत पूजा-पाठ के साथ की गई। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात नवनिर्वाचित सरपंच एवं समस्त वार्ड पंचों का ग्रामीणों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी देवीलाल रेगर,भेरूलाल जी,आर,एस,पूर्व संरपच देवकिशन रेगर उपस्थित रहे नवनिर्वाचित सरपंच भावना गाडरी को विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया, जिसके बाद पंचायत के नए कार्यकाल की शुरुआत हुई। उपस्थित ग्रामीणों का मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की गई तथा सभी ने नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच भावना गाडरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत नगरी के सभी गांवों को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने, गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने तथा मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी गांवों में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाने, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने तथा जनहित के कार्यों में सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास रहेगा। ग्राम पंचायत के प्रत्येक गांव को विकास की राह पर आगे बढ़ाना ही उनका संकल्प है। समारोह में उपस्थित ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंचों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई पंचायत ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांवों के विकास, जन सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित होकर कार्य करेगी।