भाजपा के गढ़ में निर्दलीय की दस्तक, 34 वोट से चूकीं चंदू पारीक

वार्ड-7 में भाजपा प्रत्याशी तीसरे पायदान पर, चंदू पारीक के प्रदर्शन ने चौंकाया सियासी गलियारों को

अनिल कुमार खीची

ब्यावर/बदनोर। स्मार्ट हलचल।नवगठित पंचायत समिति बदनोर के वार्ड संख्या-7 का चुनाव परिणाम क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बदनोर में निर्दलीय प्रत्याशी चंदू पारीक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजनीतिक दलों को कड़ी चुनौती दी। चंदू पारीक जीत से महज 34 मत दूर रह गईं और उपविजेता बनीं, जबकि भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।

चंदू पारीक पत्नी प्रहलाद कुमार पारीक लंबे समय से राजनीतिक एवं सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे क्रय-विक्रय सहकारी समिति आसींद-बदनोर में निदेशक पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2023 में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध निदेशक निर्वाचित हुई थीं। इससे पूर्व वर्ष 2008 में भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र से भूमि विकास बैंक के चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज कर निदेशक बनी थीं।

भाजपा के सदस्यता अभियान में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाते हुए महिलाओं और युवाओं को पार्टी से जोड़ने का काम किया। सहकारिता क्षेत्र में भी भाजपा समर्थित लोगों एवं महिलाओं को जोड़ने में उनकी सक्रियता रही है। उनका पूरा परिवार पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

इसके बावजूद पंचायत समिति चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरकर चंदू पारीक ने अपनी मजबूत चुनावी पकड़ का परिचय दिया। भाजपा के प्रभाव वाले वार्ड में उनका दूसरे स्थान पर रहना और पार्टी प्रत्याशी का तीसरे स्थान पर पहुंचना चुनाव परिणाम का सबसे चर्चित पहलू बन गया है। महज 34 मतों से मिली हार ने चंदू पारीक की राजनीतिक ताकत को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।