बेटी के सम्मान से बदलेगी समाज की सोच, ‘बेटी के साथ सेल्फी’ अभियान ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

मिशन शक्ति सप्ताह के तहत मसूदा में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।बेटियों को बराबरी का सम्मान और समान अवसर देना ही सशक्त समाज की पहचान है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति सप्ताह के तहत मसूदा में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना मसूदा के परामर्शदाताओं ने ‘जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।

कार्यक्रम में ‘बेटी के साथ सेल्फी’ पहल का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से बेटियों के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। साथ ही परिवारों से संवाद कर बालिकाओं को समान महत्व, देखभाल और जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर देने की अपील की गई।

इस दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, नीतियों एवं कानूनों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से मिशन शक्ति के तहत संचालित योजनाओं के बारे में बताते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए सामुदायिक सहभागिता को जरूरी बताया गया।

महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी ने बताया कि मिशन शक्ति सप्ताह के तहत आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही लैंगिक समानता और सकारात्मक सामाजिक बदलाव को गति मिल सकती है।