– अप्रैल से शुरू होगी पत्रकारों की सहायता के उद्देश्य से पत्रकार कल्याण कोष की शुरुआत-जरूरतमंद पत्रकारों की होगी सहायता
शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल|जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) इकाई टोंक की ओर से सोमवार को डाक बंगला परिसर में नववर्ष एवं होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल लाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी अकबर खान रहे। समारोह में टोंक सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए और एक-दूसरे को नववर्ष, होली एवं ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अकबर खान ने कहा कि आमजन के हितों के प्रति सकारात्मक सोच रखते हुए उन्हें न्याय दिलाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया पर विभिन्न प्रकार की चुनौतियां और प्रतिबंध भी देखने को मिलते हैं, ऐसे में पत्रकारों को और अधिक सजग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। जार के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम जोशी ने कहा कि राजधानी की तर्ज पर टोंक में भी प्रेस क्लब की स्थापना और भवन निर्माण के लिए संगठन लगातार सरकार से समन्वय बनाकर प्रयास कर रहा है। जिलाध्यक्ष ब्रिजेश परिड़वाल ने समारोह में पधारे सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पत्रकारों की सहायता के उद्देश्य से पत्रकार कल्याण कोष की शुरुआत आगामी अप्रैल माह से की जाएगी। इस कोष के माध्यम से जरूरतमंद पत्रकारों की सहायता की जाएगी। जिला संरक्षक एस.एन. चावला ने मंच संचालन करते हुए बताया कि संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रत्येक तीन माह में ब्लॉक अध्यक्षों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे उनके सुझावों के आधार पर संगठन को और गति दी जा सके। समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मनोज तिवारी, प्रेम रघुवंशी एवं रोशन शर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर पवन शर्मा, रविंद्र जोहरी, सुरेंद्र गुप्ता, राहुल राजवंशी, अशोक शर्मा, कमलेश सैनी, राजाराम गौतम, कमलेश महावर, विजय लखवानी, अनिल विजय, देवीशंकर सोनी, ओमप्रकाश शर्मा, महेंद्र जैन, अरशद शाहीन, आनंद शर्मा, दौलत पारीक, दीपक सैनी, नंदकिशोर सैनी, कमलेश प्रजापत, मनीष टेलर, याकूब अली, भगवान गौतम, रामप्रसाद, श्योजीलाल धाकड़, एडवोकेट फिरोज खान तथा शिक्षाविद् कमलेश सिंगोदिया सहित अनेक मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
