6 से 14 दिसंबर तक रामकथा महोत्सव, वृंदावन के पुण्डरीकाक्षाचार्य महाराज सुनाएंगे रामचरितमानस के प्रसंग, निम्बार्काचार्य श्रीजी महाराज का मिलेगा सानिध्य
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शहर के सूरजपोल गेट बाहर स्थित बांकेबिहारी मंदिर में दिसंबर माह में भक्ति और अध्यात्म की अनूठी छटा देखने को मिलेगी। यहां 6 से 14 दिसंबर तक नौ दिवसीय भव्य रामकथा महोत्सव आयोजित होगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, त्याग, मर्यादा और आदर्शों का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित करेंगे।
बांकेबिहारी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष माणक डाणी ने बताया कि कथा का आयोजन यजमान शिवकुमार धनंजय गुप्ता परिवार की ओर से किया जा रहा है। वृंदावन से पधार रहे श्रीमद्भागवत कथा, रामकथा एवं वेदांत दर्शन के मर्मज्ञ स्वामी पुण्डरीकाक्षाचार्य महाराज प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी में कथा का रसपान करवाएंगे।
कथा आयोजक शिवकुमार धनंजय गुप्ता ने बताया कि नौ दिवसीय कथा में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव, चारों भाइयों के नामकरण, विश्वामित्र के साथ मिथिला गमन, सीता स्वयंवर एवं धनुष भंग जैसे प्रसंगों से कथा आगे बढ़ेगी। इसके बाद कैकेयी का कोप, राम वनगमन, भरत मिलाप, सीता हरण, राम-हनुमान मिलन, अशोक वाटिका, लंका दहन, संजीवनी प्रसंग, रामेश्वर स्थापना, रावण वध और भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन तक की संपूर्ण कथा का संगीतमय वर्णन किया जाएगा।
जगन्नाथ रथयात्रा प्रमुख विजय तंवर ने बताया कि वर्ष 2025 में श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के दौरान भी स्वामी पुण्डरीकाक्षाचार्य महाराज के मुखारविंद से भक्तमाल कथा श्रवण करने का अवसर शहरवासियों को मिला था। इस बार रामकथा महोत्सव में निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री श्यामशरण देवाचार्य महाराज, निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद का भी पावन सानिध्य प्राप्त होगा।
आयोजक परिवार, बांकेबिहारी मंदिर ट्रस्ट एवं जगन्नाथ रथयात्रा समिति के सदस्यों ने शहर सहित आसपास के क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा श्रवण करने की अपील की है।