भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्यों ने गुरुद्वारा साहिब में अरदास कर स्व. सुरेश बम्ब को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सक्रिय एवं वरिष्ठ सदस्य स्व. सुरेश बंब के आकस्मिक निधन पर क्लब के सदस्यों ने आज श्री गुरुनानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर स्थानीय सिन्धु नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सभा में एकत्रित होकर सामूहिक अरदास की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि स्व. सुरेश बम्ब साइकिल क्लब अभियान के प्रमुख स्तंभ थे। साइकिल क्लब को वर्तमान ऊँचाइयों तक पहुँचाने तथा शहर में साइकिलिंग व स्वास्थ्य जागरूकता की अलख जगाने में उनका अमूल्य और अविस्मरणीय योगदान रहा है। वे प्रत्येक रैली एवं सामाजिक सरोकार के कार्यों में सदैव अग्रणी रहकर सभी का उत्साहवर्धन करते थे।

गुरुद्वारा साहिब में गुरुवाणी कीर्तन एवं अरदास के माध्यम से परमपिता परमेश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल बम्ब परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। अरदास के पश्चात सभी सदस्य शास्त्री नगर स्थित अहिंसा भवन पहुँचे, जहाँ उठावने की सभा में शामिल होकर परिवारजनों को संबल प्रदान किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में गौरव नागपाल, इकबाल सिंह, अरुण संतोष मुछाल, गोवर्धन सिंह कावड़िया, डॉ. हेमेंद्र कौशिक, गजानंद गुप्ता, यश झुरानी, दिनेश भट्ट, आशुतोष आचार्य, राजकुमार अजमेरा, राकेश सक्सेना, सत्यनारायण राठी, भेरुलाल सुवालका, रतन लाल छीपा, आर. एस. चंदेल, सोम शर्मा सहित भीलवाड़ा साइकिल क्लब के अनेक सदस्यगण उपस्थित रहे।