बंदियों को समय पर एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
भीलवाडा दिनांक 25 नवम्बर – स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा द्वारा आज जिला कारागृह, भीलवाड़ा में ‘स्पंदन अभियान – एक कारागार स्वास्थ्य सेवा पहल’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन ने सभी आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों से सुसज्जित मेडिकल मोबाइल वैन का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन ने बताया कि स्पंदन अभियान का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा समय पर चिकित्सकीय जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण बंदियों को आवश्यक उपचार मिलने में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि मेडिकल मोबाइल वैन के माध्यम से बंदियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं कारागृह परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। यह पहल बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा श्रीमती रश्मि आर्य ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जेल में निरुद्ध बंदियों को बेहतर एवं नियमित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके तहत स्पेशल प्रिजन मेडिकल टीमों द्वारा प्रत्येक माह प्रथम एवं तृतीय सप्ताह में कम से कम दो बार जेलों का भ्रमण किया जाएगा। इन दौरों के दौरान बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यकता होने पर बाहरी चिकित्सा संस्थानों में रेफरल की पहचान की जाएगी। ।समय पर पर्याप्त स्वास्थय सेवाऐं प्रदान करने के उद्देश्य से स्पंदन अभियान प्रारंभ किया गया है, ताकि कारागृह में निरुद्ध प्रत्येक बंदी को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके तथा किसी भी बंदी को चिकित्सा सुविधा के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में श्रीमती देवांगिनी ओदिच्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेटय, श्री राजेश आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, श्री सी.पी. गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, श्री शैलेन्द्र फौजदार, जेल अधीक्षक, श्रीमती मंजू पोखरना, सामाजिक कार्यकर्ता तथा मेडिकल मोबाइल टीम के समस्त चिकित्सक एवं जेल व प्राधीकरण स्टाफ व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री मानव सेवा समिति की सचिव व सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मंजू पोखरना , आदित्य पोखरना की ओर से कारागृह में जरूररतमंद बंदियों के लिए कंबल भी भेंट किए गए।