ग्राम पंचायत बिलोता के 8 सफाई कर्मचारियों का 8 माह का भुगतान बकाया

, आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारी-आगामी 1 दिसंबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी-सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी को लिखा ज्ञापन

शिवराज बारवाल मीना

टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा पंचायत समिति मुख्यालय अलीगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलोता में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यरत सफाई कर्मचारियों का करीब 8 माह का भुगतान बकाया होने का मामला सामने आया है। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने से सफाई कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के 8 सफाई कर्मचारियों ने सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर बकाया भुगतान शीघ्र जारी करवाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वे ग्राम पंचायत बिलोता में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्य कर रहे हैं। उन्हें 25 दिसंबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक तथा 25 जुलाई 2026 से 25 नवंबर 2026 तक की अवधि का भुगतान अभी तक नहीं मिला है। कर्मचारियों के अनुसार कुल 8 माह का भुगतान बकाया है।
सफाई कर्मचारियों में अभिषेक, बादल, सुनील, रोशन, अक्षय, गोलू, निर्मला, महेन्द्र आदि ने बताया कि लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक तंगी तथा रोजमर्रा के खर्चों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद वे लगातार अपने कार्य का निर्वहन कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र के माध्यम से कर्मचारियों ने मांग की है कि उनके कार्य का सत्यापन करवाकर बकाया 8 माह का भुगतान शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर भुगतान नहीं किया गया तो 1 दिसंबर 2026 से वे कार्य का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत बिलोता प्रशासन सफाई कर्मचारियों की इस समस्या पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेकर उनके बकाया भुगतान की व्यवस्था करता है।