उपभोक्ताओं की सहमति, पारदर्शिता एवं शहरी किसानों को 2000 यूनिट निःशुल्क बिजली देने की भी उठाई आवाज
बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल|सांगोद 25 नवम्बर को सांगोद नगर कांग्रेस कमेटी सांगोद के प्रतिनिधि मंडल द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने के संबंध में सहायक अभियंता, विद्युत निगम सांगोद को ज्ञापन सौंपकर आमजन की समस्याओं से अवगत करवाया गया।नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज सुवालका, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग जिला अध्यक्ष असरार अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र गहलोत, जिला महासचिव अफसार प्रधान एवं युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सिद्धार्थ सुवालका ने कहा कि विद्युत निगम द्वारा उपभोक्ताओं की सहमति एवं उनकी आशंकाओं का उचित समाधान किए बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कार्रवाई से लोगों में चिंता और असंतोष का माहौल है। आम उपभोक्ताओं को आशंका है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली की खपत एवं बिलों में अनावश्यक वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जब उपभोक्ताओं के वर्तमान मीटर सही ढंग से कार्य कर रहे हैं, तो उन्हें बदलने की आवश्यकता और इसके कानूनी आधार की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। विद्युत निगम को स्मार्ट मीटर लगाने से संबंधित सरकारी आदेश, लागू नियम एवं उपभोक्ताओं के अधिकारों की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही मीटर की रीडिंग एवं बिलिंग में पारदर्शिता तथा शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन देकर मांग की कि सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी कर स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई नहीं की जाए तथा पुराने मीटर सही पाए जाने पर उन्हें अनावश्यक रूप से बदलने के लिए बाध्य नहीं किया जाए।
ज्ञापन में नगर पालिका क्षेत्र में निवास करने वाले कृषि कार्य से जुड़े किसानों को भी खेती के लिए 2000 यूनिट निःशुल्क बिजली उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
नगर कांग्रेस कमेटी ने विद्युत निगम के अधिकारियों से आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी कर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई जारी रहती है, तो नगर कांग्रेस कमेटी आमजन के हितों में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर पार्षद सलीम अंसारी, नगर उपाध्यक्ष शांतिलाल सुमन, नगर प्रभारी जगदीश नागर, नगर सचिव इकबाल सिंगीवाला, पार्षद बृजमोहन रेगर, पार्षद उदल सिंह मीणा, पार्षद रविंद्र मेहता, प्रेम कुमार शर्मा, ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, पार्षद भवानी शंकर रेगर, वसीम जलाल, राजेंद्र सेन, नगर महासचिव मोहम्मद शरीफ, सिद्धार्थ मीणा, नगर मीडिया प्रभारी असगर अंसारी, अल्पसंख्यक जिला प्रवक्ता मुसव्विर खान, नगर महासचिव दिनेश सोनी, जाकिर हुसैन, एफाज अहमद, एनएसयूआई के अल्फेज मिर्जा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।