काछोला, 17 मार्च- स्मार्ट हलचल|काछोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरथला के राजपुरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार राजपुरा निवासी लक्ष्मण गुर्जर रात को अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के दूसरे कमरे से करीब 80 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। इसके बाद चोरों ने गोपाल सिंह,कालू सिंह के घर को निशाना बनाया, जहां से करीब 60 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
चोरों ने इसके बाद सांवरिया,किशन दरोगा,रामभवर,भवानी शंकर के घर को भी निशाना बनाया। बताया गया कि उनका पूरा परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर काछोला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। सुबह जीएसएस अध्यक्ष राधेश्याम कंजर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की।
इधर ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ काछोला थाने में गोपाल सिंह,लक्ष्मण गुर्जर व सांवरिया दरोगा ने रिपोर्ट दर्ज कराकर जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
