अंबेडकर विचार मंच ने माल्यार्पण कर संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
गंगापुर
स्मार्ट हलचल|संविधान दिवस के अवसर पर आज 26 नवंबर को अंबेडकर विचार मंच गंगापुर के तत्वावधान में मंच अध्यक्ष धीरज चंदेल के नेतृत्व में कोर्ट चौराहे पर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा भारतीय संविधान के मूल आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंच अध्यक्ष धीरज चंदेल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान विश्व के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है।
चंदेल ने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय रहा है। संविधान निर्माण के पीछे उनका मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिलाना था। चाहे व्यक्ति गरीब हो या अमीर, किसी भी जाति, वर्ग या समुदाय से संबंध रखता हो, सभी को समान रूप से न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार प्राप्त होना चाहिए। संविधान हमें न केवल अधिकार प्रदान करता है, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम संविधान की भावना को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे, समानता और आपसी सद्भाव को अपने व्यवहार में उतारें। यही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में जगदीश जीनगर, मदन जीनगर, कृष्ण गोपाल जीनगर, बालकिशन चंदेल, शिवलाल चंदेल, गजेंद्र माली, देवकिशन जीनगर, सज्जन देवी बैरवा, नवरत्न चंदेल, नवरत्न बेरवा, संदीप हरिजन, बबलू हरिजन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।