भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक में छिपा 38 किलो डोडा चूरा पकड़ा, 2 तस्कर गिरफ्तार

(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना हमीरगढ़ पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 किलो 850 ग्राम डोडा चूरा पाउडर जब्त किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक को भी कब्जे में लिया गया है।
नाकाबंदी में खुला तस्करी का खेल:-
पुलिस अधीक्षक
धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृताधिकारी माधव उपाध्याय के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
16 मार्च को डीएसटी टीम से मिली मुखबिर सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-48 पर तख्तपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश नंबर (HP-12N-6225) का एक अशोक लेलैंड ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
केबिन में बनाया था सीक्रेट बॉक्स:-
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन की छत पर लोहे का गुप्त बॉक्स बना मिला। जब पुलिस ने इसे खोला तो अंदर काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा चूरा बरामद हुआ। बिना लाइसेंस/परमिट के इस मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा था।
दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया:-
हिम्मत सिंह (29), निवासी सोलन (हिमाचल प्रदेश)
अनिल कुमार (20), निवासी बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना हमीरगढ़ पुलिस और डीएसटी टीम के अधिकारियों व जवानों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।