विशेष राजनीतिक रिपोर्ट आकाश शर्मा
स्मार्ट हलचल|चित्तौड़गढ़ की धरा हमेशा से जौहर, शौर्य और स्वाभिमान की गाथाओं के लिए जानी जाती रही है, मगर आज इस ऐतिहासिक माटी की जाजम पर अंदुरुनी जो सियासी रण चल रहा है, उसकी गूंज किसी ‘विस्फोट’ से कम नहीं है। मतपेटियों ने अपना फैसला सुना दिया,पर असली रणभूमि तो अब मतपेटियों के बाहर सजी है,जहां हर चेहरा नकाब के पीछे है, हर मुस्कान के भीतर एक चाल छिपी है और हर वादे की मियाद अगले सियासी मोड़ तक ही सिमटी दिखती है।
जिला परिषद के गलियारों में कांग्रेस ने रतनी देवी और रामेश्वर धाकड़ के नामों पर मुहर लगाकर जो एकजुटता दिखाई, उसने पार्टी के भीतर नया ऑक्सीजन भर दिया । वहीं भाजपा ने सात सीटों और वह भी पूरी नारी शक्ति के गणित के बावजूद लोकतांत्रिक मर्यादा और चुनावी प्रक्रिया को निभाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई । पर यह सब तो उस बड़े तूफान की आहट मात्र है, जो पंचायत समिति की उन 29 सीटों के बीच उपजा है जहां जनता ने 14-14 का ऐसा कांटा फंसाया है कि हर दल की सांसें अटकी हैं ।
गणित कैसे पलटा ?
इसी 14-14 के गतिरोध के बीच वार्ड 24 से RLP की शंकरी देवी भील की 692 वोटों से जीत ने पूरे प्रदेश की निगाहें चित्तौड़गढ़ पर टिका दी हैं । बहुमत के लिए जरूरी 15 के आंकड़े पर यह इकलौती सीट निर्णायक कील बन गई । उनके भाजपा खेमे के साथ जुड़ने की चर्चाओं ने संख्या बल का पलड़ा एक तरफ झुकाने की कोशिश की और कांग्रेस की राह कठिन बना दी । फिर फैक्ट्री और कार से जुड़े वीडियो सामने आए, अपहरण के आरोप उछले, परिवार के भीतर से अलग-अलग स्वर गूंजे, विकास व स्वेच्छा के दावे किए गए और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने इन आरोपों को साजिश करार दिया,इन सबने सामान्य अंकगणित को उलझाकर सियासी ड्रामा को चरम पर पहुंचा दिया ।
धरने से किसका समीकरण बिगड़ा ?
कलेक्ट्रेट के बाहर RLP का धरना और विरोध प्रदर्शन इस बारूद में नई चिंगारी बनकर उभरा है और इसका असर किसी एक तक सीमित नहीं रहा । अपनी इकलौती सीट के हाथ से फिसलने के दावों के बीच RLP को सड़क पर उतरकर दबाव बनाना पड़ रहा है, जिससे उसकी सियासी धार और सौदेबाजी की ताकत पर सवाल खड़े हुए हैं। दूसरी तरफ, धरने, अपहरण के आरोपों और पारिवारिक खींचतान ने भाजपा व उसके प्रबंधन खेमे पर नैतिक व रणनीतिक दबाव बढ़ाया है जहां ‘पूर्व घोषित’ या ‘स्वघोषित’ प्रधान के अरमानों पर भी ऐन वक्त पर कैंची चलने की सुगबुगाहट तेज है । वहीं कांग्रेस के लिए यह धरना और हलचल बाहर से नया मौका खोलती दिखती है, पर भीतरखाने उदय सेनापति की सक्रियता और सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के संभावित पूर्ण समर्थन को लेकर चल रही फुसफुसाहट ने यह संशय भी गहरा कर दिया है कि कहीं भीतर के किरदार ही कांग्रेस का प्रधान बनने की राह में रोड़ा न बन जाएं ।
आखिर यह सारा ताना-बाना किस बड़े लक्ष्य के लिए बुना जा रहा है?
जवाब एक ही है,चित्तौड़गढ़ विधानसभा की सियासी जमीन पर किसका झंडा लहराएगा और किसका दबदबा कायम होगा !
आज चित्तौड़गढ़ की राजनीति उस चौराहे पर खड़ी है, जहां सिद्धांतों की चादर के नीचे सौदेबाजी, आरोप-प्रत्यारोप और दबाव की जमीन तैयार हो रही है । जिला परिषद की बढ़त से हौसला बुलंद कांग्रेस, हर हाल में बाजी पलटने को बेताब भाजपा और सड़क पर डटी RLP के बीच यह ‘एक सीट’ सबसे बड़ा पेंच बन गई है । अब देखना यह है कि इस सियासी बारूद की चिंगारी किसके हक में सत्ता का सिंहासन सजाती है, और किसके हिस्से केवल धुआं व आरोप-प्रत्यारोप आते हैं क्योंकि चित्तौड़ की जाजम पर जब चालें चलती हैं, तो किरदार भी इतिहास रचता है ।