नीरज मीणा
महवा। स्मार्ट हलचल/विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने ग्राम केसरा में एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क केसरा चौराहा से पाखर तक ₹20 लाख की लागत से बनाई जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र के आवागमन में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पंच-पटेल, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस सड़क को क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग बताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि बरसात के समय इस मार्ग पर आवागमन बेहद कठिन हो जाता था, जिससे दैनिक जीवन और कृषि कार्य प्रभावित होते थे।विधायक राजेंद्र मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण से न केवल केसरा और पाखर के बीच संपर्क मजबूत होगा, बल्कि आसपास के गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
इस अवसर पर केसरा सरपंच यादराम मीणा, देवि राम, विष्णु सिंह, माधौसिंह, पाखर सरपंच नवल, निहाल सिंह गुर्जर, निवह सिंह गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
