खजुरी में लोकतंत्र पर सियासी पहरा! विधायक गोपीचंद मीणा पर लगा प्रत्याशियों की बस रोकने का गंभीर आरोप, एक घंटे बवाल के बाद अब हजारों कांग्रेसियों ने किया रोड जाम
पुलिस की मौजूदगी में तोड़े गए बस के शीशे, शाम 5 बजे गेट बंद कर भाजपा की आशा देवी मीणा 5-0 से घोषित हुईं प्रधान; भूखे-प्यासे बस में बैठे निर्वाचित सदस्यों का ऐलान— जब तक वोट डालने नहीं दिया जाएगा, अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगे
खजुरी/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल), अलकेश पारीक
खजुरी पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद का चुनाव निष्पक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बजाय खुलेआम सियासी दादागिरी और टकराव का अखाड़ा बन गया। आरोप है कि सत्ता के दबाव में भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा और उनके समर्थकों ने निर्वाचित कांग्रेस पंचायत समिति सदस्यों से भरी बस को मतदान केंद्र तक पहुंचने से पहले ही मेगा हाईवे पर रोक लिया। करीब एक घंटे तक पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में बस के शीशे तोड़े जाते रहे, हंगामा होता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इस घटनाक्रम के विरोध में अब इलाके में भारी जनाक्रोश भड़क उठा है और हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं।

विधायक ने खुद की गाड़ी आगे लगाकर रोका रास्ता, पुलिस की कार्यशैली पर उठे तीखे सवाल

प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की ओर से आशा देवी मीणा ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस ने अंतिम समय में मीरा मीणा को प्रत्याशी बनाया। कांग्रेस नेता बाबूलाल मीणा बेई की पुत्रवधू मनीषा मीणा को टिकट नहीं मिलने से नाराजगी सामने आई और उनके समर्थकों ने कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर कांग्रेस प्रत्याशियों को वापस लौटाने की मांग करने लगे।
एक घंटे तक हाईवे पर तांडव, 5 बजे गेट बंद कर 5-0 से घोषित किया परिणाम
दोपहर करीब चार बजे जब कांग्रेस प्रत्याशियों का काफिला बस में सवार होकर मतदान केंद्र की ओर पहुंचा, तो मेगा हाईवे पर बस को घेर कर शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस जाब्ता मौजूद होने के बावजूद निर्वाचित सदस्यों को सुरक्षित रास्ता नहीं दिया गया। बाद में जहाजपुर डिप्टी रेवड़मल मौर्य मौके पर पहुंचे। उधर, शाम पांच बजे मतदान केंद्र का गेट बंद कर दिया गया और दोपहर तीन बजे ही केंद्र पहुंच चुके भाजपा के पांच सदस्यों के मतों के आधार पर आशा देवी मीणा को 5-0 से विजयी घोषित कर दिया गया।

🛑 खजुरी प्रधान चुनाव बवाल : मुख्य बिंदु
- सड़क पर तांडव: मतदान केंद्र जा रही कांग्रेस सदस्यों की बस को मेगा हाईवे पर रोका गया; पुलिस के सामने तोड़े गए शीशे।
- विधायक पर आरोप: विधायक गोपीचंद मीणा ने समर्थकों संग पहुंचकर खुद की गाड़ी आगे लगाई और सदस्यों को वोट देने से रोका।
- परिणाम: शाम 5 बजे गेट बंद कर भाजपा की आशा देवी मीणा को 5-0 से प्रधान घोषित किया गया।
- ताजा हालात: हजारों कांग्रेसियों ने हाईवे जाम किया; भूखे-प्यासे बस में बैठे सदस्य वोट के अधिकार पर अड़े।
ताजा हालात: भूखे-प्यासे बस में बैठे हैं निर्वाचित सदस्य, हजारों कांग्रेसियों ने किया रोड जाम
ताजा जानकारी के अनुसार, विधायक और उनके समर्थक मौके से चले गए हैं, लेकिन इस घटना के विरोध में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए हैं और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया है। निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य अभी भी भूखे-प्यासे बस में ही बैठे हुए हैं। प्रत्याशियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें मतदान करने का अधिकार नहीं दिया जाएगा, तब तक वे कुछ भी खाएंगे-पिएंगे नहीं।