नीरज मीणा
महवा दौसा।स्मार्ट हलचल/ जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के निर्देशन में थाना महवा पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार एवं परिवादी से छीने गए दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 मई 2025 को हिंगोटा निवासी पिंटू सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका अपहरण कर मारपीट की गई तथा मोबाइल, मोटरसाइकिल व नकदी छीनकर फिरौती मांगी गई। इस पर थाना महवा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशनलाल को 13 मार्च 2026 तथा सतीश को 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी—विष्णु कुमार, विनोद कुमार एवं अर्जुन मीना—को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था तथा छीनी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोशनलाल के विरुद्ध पूर्व में मारपीट का एक मामला दर्ज है, जबकि सतीश के खिलाफ धोखाधड़ी व मारपीट के दो प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वृत्ताधिकारी महवा मनोहरलाल मीना के सुपरविजन एवं थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मीना के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
