चकबन्दी में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम खागा से निष्पक्ष जांच की मांग की

खखरेरू, फतेहपुर।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के ग्राम तारापुर मजरे सूदनपुर के किसानों ने चकबन्दी प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, बिचौलियों के माध्यम से धन वसूली, मनमाने चक आवंटन एवं भूमि मूल्यांकन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी खागा को प्रार्थना पत्र दिया है। किसानों ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
किसानों ने प्रार्थना पत्र में अवगत कराया है कि उनके गांव में इस समय चकबन्दी की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में अपनायी जा रही कार्यप्रणाली को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों का कहना है कि चकबन्दी प्रक्रिया से सम्बन्धित लेखपाल एवं सहायक चकबन्दी अधिकारी की कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि चकबन्दी के नाम पर गांव में बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। बिचौलियों के माध्यम से किसानों से धन वसूली की जा रही है। जो किसान पैसा नहीं देता, उसे अच्छा चक नहीं मिलता। मनमाने ढंग से चक आवंटन किया जा रहा है। किसी किसान की अच्छी और उपजाऊ जमीन छीनकर उसे दूर व कम उपजाऊ जमीन दी जा रही है, जबकि प्रभावशाली लोगों को मनचाही जमीन दिलाई जा रही है।
किसानों ने भूमि मूल्यांकन में भी भारी अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन की सही कीमत, उसकी उर्वरता, सिंचाई सुविधा और सड़क से दूरी को नजरअंदाज किया जा रहा है। कागजों में मूल्यांकन कुछ और दिखाया जा रहा है और मौके पर हकीकत कुछ और है। इससे छोटे और गरीब किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सम्बन्धित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्होंने उपजिलाधिकारी खागा को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
किसानों ने मांग की है कि गांव में चल रही पूरी चकबन्दी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए, बिचौलियों पर रोक लगाई जाए, गलत तरीके से किए गए चक आवंटन को निरस्त किया जाए और भूमि का दोबारा सही मूल्यांकन कराया जाए। साथ ही जांच के दौरान चकबन्दी प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग की गई है, ताकि किसानों के साथ अन्याय न हो सके।