पूर्व संध्या पर आयोजन स्थल पर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
उदयपुर-माउंट आबू, 27 नवंबर।स्मार्ट हलचल|अरावली की सुरम्य वादियों में बसे राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में कल से पक्षियों और जैव विविधता का अनूठा उत्सव शुरू होगा। पहली बार आयोजित हो रहे दो दिवसीय ‘माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’ में शामिल होने के लिए देशभर से पक्षी विज्ञानी, बर्ड एक्सपर्ट, वन्यजीव विशेषज्ञ और प्रकृतिप्रेमी पहुंचने लगे हैं। 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में करीब 400 विद्यार्थी भी भाग लेंगे।
ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस), उदयपुर के तत्वावधान में राजस्थान वन विभाग, सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के सहयोग से होने वाले इस आयोजन की पूर्व संध्या पर सोसायटी अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सीसीएफ राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस विक्रम सिंह तथा प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयोजन व्यवस्था प्रभारी प्रो. इंद्रजीत माथुर ने प्रतिनिधिमंडल को विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई विशेष किट, उनके आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों की सहभागिता को महोत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। उनके लिए चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, बर्ड वॉक और बर्ड ट्रेल जैसी गतिविधियां होंगी, जिनके माध्यम से वे पक्षियों की पहचान और उनके संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं को समझ सकेंगे।
चार विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे मुख्य आकर्षण
महोत्सव का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी में होगा। उद्घाटन समारोह में जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. वीरेंद्र सिंह जाटावत, राजस्थान के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक आईएफएस शशि शंकर पाठक सहित प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
दोपहर 2:45 से शाम 5 बजे तक आयोजित तकनीकी सत्र में पक्षी विज्ञानी डॉ. रजत भार्गव राजस्थान में संकटग्रस्त ग्रीन अवदावत के संरक्षण, डॉ. सुतिर्था दत्ता ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, संगीतकार एवं वन्यजीव संरक्षणकर्ता अभिषेक रे ‘बाघ : द इनसाइड स्टोरी’ तथा वन्यजीव जीवविज्ञानी विजयादित्य सिंह राठौड़ थार मरुस्थल में कृषि परिवर्तन और जैव विविधता पर व्याख्यान देंगे।
250 से अधिक पक्षी प्रजातियों की विरासत पर होगा मंथन
माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में 250 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज हैं। ग्रीन मुनिया, इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर, क्रेस्टेड सर्पेंट ईगल और इंडियन पिट्टा जैसी प्रजातियां यहां की समृद्ध पक्षी विविधता को दर्शाती हैं। महोत्सव में अरावली क्षेत्र के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण, पक्षियों की घटती संख्या, जैव विविधता और प्रकृति आधारित पर्यटन की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
क्षेत्र के प्रकृतिविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति को समर्पित इस महोत्सव का उद्देश्य माउंट आबू की प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और नई पीढ़ी को संरक्षण के अभियान से जोड़ना है। आयोजकों की योजना इसे वार्षिक आयोजन के रूप में विकसित करने की है, ताकि पक्षी गणना, विद्यालयों में बर्ड क्लब और नागरिक विज्ञान जैसी गतिविधियों को भी निरंतर बढ़ावा मिल सके।
फोटो कैप्शन: माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल की पूर्व संध्या पर आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं प्रतिनिधिमंडल।