खजूरी में लगातार दूसरे दिन सियासी रणक्षेत्र! उपप्रधान चुनाव में फिर रोकी गई कांग्रेस सदस्य की गाड़ी, एसपी सागर राणा और विधायक गोपीचंद मीणा आमने-सामने; तीखी नोकझोंक से गरमाया माहौल
शुक्रवार को बस के शीशे टूटने और रोड जाम के बाद शनिवार को भी नहीं थमा बवाल; कांग्रेस से निर्वाचित मनीषा मीणा ने निर्दलीय भरा पर्चा तो भाजपा ने दिया समर्थन, कांग्रेस से हेमराज रेगर मैदान में
खजूरी/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल) अलकेश पारीक
खजूरी पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान चुनाव के दौरान हुए बवाल के बाद शनिवार को उपप्रधान चुनाव के दौरान भी राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच खुलेआम तीखी बहस और गहमागहमी देखने को मिली। लगातार दूसरे दिन सत्ता और सियासत की इस भिड़ंत ने पंचायत समिति परिसर में फिर तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया।
कांग्रेस सदस्य की गाड़ी रोकने पर भड़का विवाद, हिस्ट्रीशीटर होने का लगाया आरोप
शनिवार सुबह 10 बजे उपप्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान कांग्रेस से निर्वाचित सदस्य मनीषा मीणा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, जिनके साथ विधायक गोपीचंद मीणा सहित भाजपा के नेता व समर्थक मौजूद रहे। भाजपा ने मनीषा मीणा को समर्थन दिया, जबकि कांग्रेस से हेमराज रेगर ने पर्चा भरा। करीब 11 बजे एसपी सागर राणा भी खजूरी पहुंचे। इसी बीच नामांकन कर लौट रहे कांग्रेस सीआर की गाड़ी को विधायक और समर्थकों ने रोक लिया तथा आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हिस्ट्रीशीटर लोग हैं और पुलिस उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है।
एसपी सागर राणा ने समर्थकों को खदेड़ा, जाते वक्त अपशब्दों पर फिर भिड़े
घटना की सूचना पर एसपी सागर राणा मौके पर पहुंचे, जहां विधायक गोपीचंद मीणा और एसपी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। काफी देर तक गहमागहमी के बीच एसपी ने विधायक समर्थकों को मौके से हटाया। इसके बाद विधायक के रवाना होने के दौरान कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने को लेकर एसपी और विधायक के बीच एक बार फिर तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थिति को संभाला।
🛑 खजूरी उपप्रधान चुनाव बवाल : मुख्य बिंदु
- तीखी नोकझोंक: कांग्रेस सीआर की गाड़ी रोकने के बाद एसपी सागर राणा और विधायक गोपीचंद मीणा के बीच दो बार हुई जोरदार बहस।
- चुनावी मुकाबला: कांग्रेस से निर्वाचित मनीषा मीणा ने निर्दलीय नामांकन भरा (भाजपा का समर्थन), कांग्रेस से हेमराज रेगर प्रत्याशी।
- लगातार दूसरा दिन: शुक्रवार को बस तोड़फोड़ व हंगामे के बाद शनिवार को भी पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बना रहा चुनाव।
प्रधान चुनाव के बाद उपप्रधान चुनाव में भी विवाद
गौरतलब है कि शुक्रवार को खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान भी कांग्रेस सदस्यों की बस में तोड़फोड़ और समर्थकों के प्रदर्शन के बाद माहौल गरमा गया था। शनिवार को उपप्रधान चुनाव के दौरान विधायक और एसपी के बीच हुई तीखी बहस ने पूरे घटनाक्रम को फिर सुर्खियों में ला दिया है।