खजूरी चुनाव बवाल में अब FIR का बड़ा एक्शन: विधायक समर्थकों समेत 9 लोगों के नाम, बस पर हमला और सदस्यों को मतदान से रोकने के गंभीर आरोप
मतदान केंद्र से महज 100 मीटर पहले कांग्रेस सदस्यों की बस को घेरने, कांच फोड़ने और हथियारों से हमला करने का आरोप; शकरगढ़ थाने में BNS की 7 धाराओं में मामला दर्ज, जांच शुरू
अलकेश पारीक
जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। खजूरी पंचायत समिति के प्रधान चुनाव के दौरान हुआ सियासी घमासान अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। 27 नवंबर को प्रधान चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्यों की बस को कथित रूप से घेरकर हमला करने, बस के शीशे तोड़ने, सदस्यों के साथ मारपीट करने और उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने से रोकने के मामले में शकरगढ़ थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले में भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा की मौजूदगी और उनके समर्थकों की भूमिका को लेकर पहले से ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप चल रहे थे। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद इस पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।
मतदान केंद्र से 100 मीटर पहले बस को घेरने का आरोप
एफआईआर में परिवादिया मीरा देवी मीणा पत्नी शिवराज मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:15 बजे कांग्रेस पार्टी के पंचायत समिति सदस्य बस संख्या RJ 51 PA 0689 में सवार होकर खजूरी पंचायत समिति के मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे। मतदान केंद्र से करीब 100 मीटर पहले स्थानीय विधायक की मौजूदगी में कुछ लोग वहां मौजूद थे। आरोप है कि बस के पहुंचते ही कई लोगों ने अपने वाहन आगे लगाकर रास्ता रोक दिया।
परिवादिया के अनुसार आरोपियों के साथ करीब डेढ़ सौ महिला-पुरुष मौजूद थे। उनके हाथों में फावड़े, सरिये, लकड़ियां और ईंट-पत्थर थे। आरोप है कि भीड़ ने बस पर हमला कर दिया, बस के चारों ओर तोड़फोड़ की और कांच फोड़ दिए। इस दौरान पंचायत समिति सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हंगामे का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। आरोपियों ने बस को आगे नहीं बढ़ने दिया और पंचायत समिति सदस्यों को निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचने से रोक दिया। परिवादिया ने इसे जान से मारने की नीयत से किया गया हमला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।
एफआईआर में 9 नाम, सात धाराओं में मुकदमा
शकरगढ़ थाने में 28 नवंबर 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 0163 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 126(2), 115(2), 324(4), 125, 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में शिवराज मीणा, बाबूलाल मीणा, छगन मीणा, रामकुंवार मीणा, राजेश मीणा, महेंद्र मीणा, श्यामलाल मीणा, संत्रा मीणा और एक अन्य महेंद्र मीणा के नाम दर्ज हैं।
ASI राजेंद्र कुमार मीणा को सौंपी जांच
पुलिस ने परिवादिया की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में जांच अधिकारी के रूप में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों, बस में हुई तोड़फोड़, मारपीट और मतदान में बाधा डालने के आरोपों की जांच करेगी।
चुनावी घमासान के बाद अब पुलिस जांच पर निगाहें
खजूरी पंचायत समिति के प्रधान चुनाव के दौरान शुरू हुआ विवाद अब केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहा। बस में तोड़फोड़, मतदान करने जा रहे जनप्रतिनिधियों को रोकने और मारपीट के आरोपों के बीच एफआईआर दर्ज होने से मामला गंभीर हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है और चुनाव के दौरान हुए इस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की जिम्मेदारी किस तरह तय होती है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें शकरगढ़ पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।