1008 पीठाधीश्वर आचार्य निर्मलराम जी महाराज के सानिध्य में होगा विराट सम्मेलन, लगातार दूसरी बार आयोजित हो रहा धार्मिक महोत्सव
अलकेश पारीक
जहाजपुर
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र की नवगठित मानपुरा झीकरी ग्राम पंचायत का झीकरी गांव 1 दिसंबर को भक्ति और धर्म की सरिता में सराबोर होगा। काल भैरव जयंती के पावन अवसर पर यहां राजस्थान-मध्यप्रदेश स्तरीय दैनिक हरिबोल प्रभात फेरी मंडलों का विराट सम्मेलन एवं काल भैरव जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में दोनों राज्यों के विभिन्न गांवों से प्रभात फेरी मंडलों के श्रद्धालु भाग लेंगे।
आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। समस्त ग्रामवासियों झीकरी की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में दांतड़ा धाम के 1008 पीठाधीश्वर आचार्य निर्मलराम जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी महाराज की कृपा से आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक एकता, भक्ति और सनातन परंपराओं का संदेश दिया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचकर दे रहे निमंत्रण
हरिबोल प्रभात फेरी मंडल के तहसील अध्यक्ष उदयलाल टाक ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तहसील अध्यक्ष उदयलाल टाक के सानिध्य में दुर्गाप्रसाद टाक, कैलाश चंद्र टाक, रोहित टाक सहित आयोजन से जुड़ी टीम राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न गांवों में पहुंचकर प्रभात फेरी मंडलों एवं श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रही है।
दूसरी बार होगा विराट सम्मेलन
लगातार दूसरी बार आयोजित होने जा रहा यह सम्मेलन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का विशेष संगम बनेगा। काल भैरव जयंती के अवसर पर होने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण और आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।