ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पत्नी के दांतों का इलाज कराने 15 दिन से रह रहा था ससुराल में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कठारिया गांव में ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा सिंह (30) पुत्र रामशिरोमणि निवासी भलेवा, थाना हुसैनगंज, करीब 15 दिनों से अपनी ससुराल कठारिया गांव में रह रहे थे। वह पत्नी वंदना सिंह के दांतों का इलाज कराने प्रयागराज स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। मृतक के साले धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे दुर्गा सिंह शराब पीकर घर के बाहर उल्टी कर रहे थे। इस पर पत्नी और साले ने उन्हें उठाकर चारपाई पर लिटा दिया। शाम करीब 5:30 बजे पत्नी वंदना सिंह चाय लेकर पहुंचीं तो आवाज देने और हिलाने के बावजूद वह नहीं उठे। इसके बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से हरदो अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई अभिषेक सिंह ने आरोप लगाया कि पत्नी वंदना ससुराल नहीं जा रही थी, इसी वजह से दुर्गा सिंह उसे लेने आए थे। उन्होंने ससुरालीजनों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया। भलेवा गांव से पहुंचे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर श्यामसुंदर गिरी ने बताया कि शव पंचनामा करवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है रिपोर्ट आने के उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।