स्मार्ट हलचल|शाखा सचिव डॉ वरुण जैमिनी ने बताया कि मानव सेवा के संकल्प को साकार करते हुए भारत विकास परिषद, शाखा विवेकानंद के तत्वावधान में आज राजकीय चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा प्रकल्प में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और परिषद के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 25 रक्तदाताओं का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) हुआ, जिनमें से 16 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय चिकित्सालय के पीएमओ (PMO) डॉ. विजेंद्र गुप्ता, ब्लड बैंक प्रभारी श्री विजय गुप्ता, प्रांतीय महासचिव डॉ. धर्मेंद्र मित्तल, प्रांतीय समन्वयक श्री वेद प्रकाश शर्मा एवं परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और राष्ट्र वंदना ‘वंदे मातरम’ के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत गतिविधि संयोजक (सेवा) प्रभारी श्री अरविंद रावत एवं श्री प्रशांत सिंघल द्वारा तिलक लगाकर व दुपट्टा ओढ़ाकर किया गया।
शाखा अध्यक्ष श्री महेश चंद गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शिविर के उद्देश्य और परिषद द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सेवा प्रकल्पों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए परिषद के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने में संजीवनी का कार्य करते हैं।
शिविर को सफल बनाने में राजकीय चिकित्सालय ब्लड बैंक की संपूर्ण टीम का सराहनीय योगदान रहा। इस उत्कृष्ट सहयोग के लिए शाखा अध्यक्ष श्री महेश चंद गुप्ता एवं प्रांतीय महासचिव डॉ. धर्मेंद्र मित्तल द्वारा पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता, ब्लड बैंक प्रभारी श्री विजय गुप्ता एवं उनकी टीम को परिषद की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शाखा सचिव डॉ. वरुण जैमिनी ने किया और उपस्थित जनों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ।
उपस्थित गणमान्य एवं सदस्य:
शिविर में प्रांतीय गतिविधि संयोजक (संपर्क) श्री विश्वबंधु आर्य, शाखा संरक्षक श्री दीनदयाल गुप्ता, प्रांतीय पदाधिकारी श्री विजेंद्र गुप्ता, संतोष बंसल, राजेश गुप्ता, अरविंद रावत, सुनील बंसल, प्रशांत सिंघल, मदन मोहन गुप्ता, मयंक शर्मा, मनोज हेमनानी, सौरभ गुप्ता, पवन गुप्ता, संजय बंसल, ललित मोहन गुप्ता, उमेश गुप्ता , आकाश बंसल, राहुल बंसल सहित महिला मंडल से महिला प्रमुख सीमा आर्य, सीमा रावत, सविता बंसल, मंजू गुप्ता, संजना बंसल, सोना बंसल और परिषद के लगभग 50 सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।