ब्यावर में निजी विद्यालय संचालकों ने बनाई आंदोलन की रणनीति, आज फिर होगी जिलेभर के संचालकों की अहम बैठक
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|निजी विद्यालयों के अधिकारों, हितों एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर अब प्रदेशभर के स्कूल संचालक लामबंद होने लगे हैं। आगामी 7 दिसंबर को जयपुर में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारियों को लेकर रविवार को डीपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबाबाड़ी में ब्यावर के निजी विद्यालय संचालकों की बैठक आयोजित हुई। इसमें आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने और अधिकाधिक विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर मंथन किया गया।
बैठक में निजी विद्यालयों से जुड़े मुद्दों, अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने पर जोर दिया गया। संचालकों ने कहा कि संगठन की मजबूती और सामूहिक एकता ही आंदोलन की आवाज को प्रभावी बनाएगी। इसके लिए जिले के सभी निजी विद्यालयों तक संपर्क कर उन्हें आंदोलन से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
आंदोलन की अंतिम रूपरेखा एवं आगामी कार्ययोजना तय करने के लिए 30 नवंबर को ब्यावर जिले के समस्त निजी विद्यालय संचालकों की पुनः महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सभी संचालकों से इसमें अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की गई है।
संचालकों ने कहा कि 7 दिसंबर का आंदोलन किसी एक विद्यालय का नहीं, बल्कि प्रदेश के निजी विद्यालयों के अस्तित्व, अधिकारों और सम्मान से जुड़ा सामूहिक संघर्ष है। इसके लिए सभी विद्यालय संचालकों से एकजुट होकर जयपुर पहुंचने का आह्वान किया गया।