मासिक धर्म पर झिझक मिटाने की पहल, सैकड़ों महिलाओं तक पहुंची स्वच्छता की सौगात

 

इशिका जैन के नेतृत्व में प्रियदर्शनी उड़ान योजना के तहत ब्यावर जिले में सेनेटरी पैड वितरण शिविर आयोजित

अनिल कुमार खीची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण अभियान जारी है। प्रियदर्शनी उड़ान योजना के तहत महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन के नेतृत्व में ब्यावर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण शिविर आयोजित किए गए। इनमें सैकड़ों महिलाओं एवं युवतियों को सेनेटरी पैड वितरित कर मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई।

शिविरों में महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व, मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच और झिझक को दूर कर इस विषय पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया गया।

इशिका जैन के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं तक आवश्यक स्वच्छता सामग्री पहुंचाने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

स्थानीय निकाय चुनाव के बाद भी कांग्रेस की महिला टीम महिला हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता बनाए हुए है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के जरिए महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।