दिनदहाड़े बैंक में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: ग्राहक के बैग से 1.50 लाख पार-सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों की नजर आई संदिग्धता

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/दूनी। स्मार्ट हलचल|देवली उपखंड क्षेत्र के दूनी तहसील मुख्यालय कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा परिसर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में मंगलवार को एक ग्राहक के बैग से अज्ञात बदमाशों ने 1 लाख 50 हजार रुपये पार कर दिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पीड़ित ग्राहक बैंक में लेन-देन के लिए आया था। वह काउंटर पर पर्ची भरने में व्यस्त था, तभी वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों ने मौका पाकर उसके बैग में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।ग्राहक को चोरी का पता तब चला जब उसने अपना बैग संभाला, लेकिन तब तक आरोपी बैंक से बाहर निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही दूनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें दो संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों के पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के अनुसार पीड़ित की रिपोर्ट के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
*सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल-रोकथाम के लिए ठोस कदम जरूरी*
दिनदहाड़े बैंक परिसर में हुई इस वारदात ने बैंक सुरक्षा और स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बैंकों में सुरक्षा गार्ड की सक्रियता, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और पुलिस की नियमित गश्त को और सख्त करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, खासकर बैंकों में पुलिस और प्रशासन को सतर्कता बढ़ानी चाहिए। समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर ग्राहकों को भी सावधान रहने के लिए प्रेरित करना जरूरी है, ताकि अपराधियों को मौका न मिल सके। प्रशासन के लिए यह घटना एक चेतावनी की तरह है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर अपराध की ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए। दूनी कस्बे वासियों ने पुलिस कीगश्त बढ़ाते हुए संदिग्ध लोगों पर नजर रखते हुए उन पर कार्रवाई की मांग भी की है।