पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के पॉश इलाके आरके कॉलोनी में मंगलवार शाम पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के कारोबार का खुलासा किया। एक निजी मकान पर दबिश देकर टीम ने 17 घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
*मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई*
प्रशासन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरके कॉलोनी के एफ सेक्टर स्थित एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भीलवाड़ा एसडीएम, सीओ सिटी, जिला रसद अधिकारी (DSO) और सुभाषनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रजापत परिवार के मकान पर अचानक दबिश दी।
*मौके से 17 घरेलू गैस सिलेंडर रिफिलिंग उपकरण भी बरामद*
तलाशी के दौरान मकान के भीतर से 17 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली बांसुरी, नोजल, रेगुलेटर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि मकान मालिक के पास सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या भंडारण लाइसेंस नहीं था।
*शहर में लगातार जारी है अभियान”*
रसद विभाग के अनुसार, भीलवाड़ा शहर में घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक विभिन्न क्षेत्रों से कुल 87 अवैध सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप है।
