हमीरगढ़ इको पार्क में वन्य जीवों के लिए शुरू हुई ग्रीष्मकालीन जल सेवा,टैंकर से टांके में जलापूर्ति का शुभारंभ

मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ इको पार्क की दुर्गम पहाड़ियों के बीच स्थित बाछोड़ा वन क्षेत्र में वन्य जीवों की प्यास बुझाने के लिए ग्रीष्मकालीन पेयजल सेवा का शुभारंभ बुधवार को किया गया। रमजान एवं चैत्र मास की पावन बेला में टांके में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति शुरू की गई, जिससे भीषण गर्मी के दौरान वन्य जीवों को राहत मिल सकेगी।इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी रफीक मोहम्मद ने कहा कि क्षेत्र की पहाड़ियों के संरक्षण और रखरखाव में वन विभाग एवं वन्य जीव प्रेमियों का सहयोग सराहनीय है।उनके संयुक्त प्रयासों से हमीरगढ़ इको पार्क आज जिले का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र बनकर उभरा है।जलापूर्ति कार्यक्रम से पूर्व वन्य जीव प्रेमियों द्वारा टांके के समीप पीपल के पौधे का रोपण किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से टैंकर के जरिए टांके में पानी डालकर सेवा कार्य का शुभारंभ किया गया।उपस्थित सभी लोगों ने चैत्र, वैशाख, जेठ और आषाढ़ माह की भीषण गर्मी में जनसहयोग से लगातार जल सेवा जारी रखने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान जल सेवा में सहयोग करते हुए रफीक मोहम्मद ने दो टैंकर, कमालुद्दीन मंसूरी ने चार टैंकर तथा डॉ. ऋषिराज व्यास ने दो टैंकर डलवाने के लिए टैंकर चालक को नगद राशि भेंट की।इस दौरान इको पार्क प्रभारी हरिशंकर विश्नोई एवं वन्य जीव प्रेमी सत्यनारायण व्यास ने उपस्थित वन्य जीव प्रेमियों व वनकर्मियों का हरा-पीला दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में दीनानाथ शर्मा, मेवालाल खटीक, बबलू रंगरेज, नारायण लाल, योगेंद्र सिंह, रामसुख बिश्नोई, मथुरालाल जाट, रानी कंवर एवं काली कुमावत सहित कई लोग मौजूद रहे।इस पहल से क्षेत्र में वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही भीषण गर्मी में उनके लिए जीवनदायिनी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।