अपहरण व जानलेवा हमले के आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी , पीड़ित परिवार में दहशत; पत्नी ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले और अपहरण के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीडित परिवार दहशत में है। बुधवार को पीडित की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

हाथीपुरा निवासी माया देवी रेगर ने एसपी को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 9 मार्च की शाम को कालू लाल उर्फ अरविंद ने उसके पति कैलाश रेगर को फोन कर सवाईपुर बुलाया था। जब कैलाश बाइक से जा रहा था, तब कुडी और हाथीपुरा के बीच एक स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि पवन, सत्यनारायण, पुष्पा और अन्य 2-3 लोगों ने लाठियों और टामियों से लैस होकर कैलाश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जातिगत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कैलाश के हाथ-पैर तोड़ दिए। इसके बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में अपहरण कर उसके घर के बाहर फेंक गए और परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी।

पीडिता ने बताया कि उसके पति वर्तमान में महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरणासन्न हालत में भर्ती हैं। इस संबंध में बड़लियास थाने में मुकदमा नंबर 67/2026 दर्ज है, जिसकी जांच डीएसपी मांडलगढ़ कर रहे हैं। माया देवी का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं और वे लगातार परिवार को डरा-धमका रहे हैं।