ट्रक यूनियन में कचरा डालकर जलाने पर अतिरिक्‍त जिला कलक्‍टर ने किया मौका मुआयना, संवेदक पर शास्ति आरोपित

बूंदी- स्मार्ट हलचल|शहर को स्वच्छ रखने और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए नगर परिषद की ओर से सख्‍त कदम उठाए गए हैं। ट्रक यूनियन परिसर में अवैध रूप से कचरा डालने और उसमें आग लगाकर प्रदूषण फैलाने के मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदक पर कार्यवाही की है।नगर परिषद आयुक्‍त ने बताया कि ट्रक यूनियन क्षेत्र में कचरा डंप करने और उसे जलाने की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने हालात का बारीकी से जायजा लिया और संवेदक को ट्रक यूनियन से सारा कचरा तुरंत उठवाकर निर्धारित डम्पयार्ड में परिवहन करने के निर्देश दिए।

उन्‍होंने बताया कि इस मामले में तय स्थान के बजाय ट्रक यूनियन में कचरा डालने पर संवेदक पर शास्ति आरोपित की है। साथ ही ठेकेदार को पाबंद किया है कि भविष्य में ट्रक यूनियन या किसी भी अन्य अनाधिकृत स्थान पर कचरा नहीं डाला जाएगा। उन्‍होंने बताया कि ठोस कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करने के लिए संवेदक को निर्देशित किया है कि शहर का कचरा केवल ग्राम धनातरी में आवंटित भूमि पर ही डाला जाए। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कचरे में आग लगाने पर पूर्णतया रोक लगा दी गई हैं।