जुर्माना न भरने वालों को जाना पड़ा जेल.बुकिंग काउंटर पर भीड़
वाराणसी। स्मार्ट हलचल|रेल में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ बुधवार को सख्त अभियान चलाया गया, जिसमें कई यात्री कार्रवाई की जद में आ गए। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में वाराणसी मंडल में सख्ती का असर साफ नजर आया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान और सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में 18 मार्च 2026 की सुबह वाराणसी सिटी स्टेशन को आधार बनाकर बनारस- औड़िहार रेल खंड पर रेड पार्टी द्वारा किलाबंदी कर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 15159 सारनाथ एक्सप्रेस, 15018 दादर एक्सप्रेस, 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 15104 इंटरसिटी एक्सप्रेस और मेमू सहित विभिन्न सवारी गाड़ियों में एक साथ जांच होने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। टीम ने हर डिब्बे में जाकर यात्रियों के टिकट की बारीकी से जांच की और बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले कुल 146 यात्रियों को पकड़ लिया। पकड़े गए यात्रियों से कुल 63,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया और जुर्माना अदा करने के बाद अधिकांश यात्रियों को छोड़ दिया गया, लेकिन जुर्माना नहीं चुकाने वाले 6 यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष पेश किया गया, जहां ट्रायल के दौरान उन्हें जेल तक जाना पड़ा और बाद में जुर्माना अदा करने के पश्चात रिहा किया गया। इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के साथ मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, नागेंद्र बहादुर सिंह, टिकट निरीक्षक मारूफ खान, पूनम यादव और रश्मि समेत अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई, वहीं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी पूरा सहयोग दिया। अचानक सख्त चेकिंग के चलते स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों में टिकट लेने की होड़ मच गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यात्रा के दौरान रेल नियमों का पालन करें और बिना टिकट यात्रा करने से बचें, क्योंकि यह दंडनीय अपराध है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
